जालंधर, 27 फरवरी। गढ़ा इलाके के ईदगाह मोहल्ले में बुधवार दोपहर 2 बजे के करीब छत पर पतंग उड़ा रहे 10 वर्षीय दानिश को करंट लग गया। तेज आवाज़ सुनकर आसपास के लोग छत पर पहुंचे तो बच्चा बेसुध था। आसपास के लोग उसे एसजीएल अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ईदगाह मोहल्ले में किराये के घर में रहने वाले सोनू के तीन बच्चे हैं। दानिश की एक बड़ी बहन और एक छोटा भाई है। उसके माता-पिता मूल रूप से फिरोज़पुर के रहने वाले हैं और यहां सैलून में काम करते हैं। वह पिछले एक साल से जालंधर में रह रहे थे। वो सुबह 11 बजे काम पर चले गए। इस दौरान दानिश छत पर पतंग उड़ाने लगा। घर की छत से सटकर बिजली की हाईटेंशन तारें गुजरती हैं। दानिश की पतंग तारों में फंस गई, जिसे वह लोहे की राड से छुड़ा रहा था। इस दौरान राड में करंट आ गया और उसकी मौत हो गई।
स्वजन बेटे का शव लेकर फिरोजपुर चले गए। थाना सात के एएसआई सतपाल ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। मौजूदा पार्षद सरताज सिंह व सत्या भगत के पति कृपाल पाली ने कहा कि एक महीने पहले ही पावरकाम को छतों से सटी बिजली की तारों को दूर करने के लिए कहा गया था। लेकिन पावरकाम ने कदम नहीं उठाए और हादसा हो गया। दानिश के पारिवारिक सदस्यों ने किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई करने से मना कर दिया है। मोहल्ले के लोगों ने कहा कि छत के साथ से गुज़र रही हाईटेंशन तारों को थोड़ा पीछे किया जाए।



