चंडीगढ़,16 फरवरी। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली एनसीआर का मौसम लगातार बदल रहा है। फरवरी आधा बीत चुका है और पूरे उत्तर भारत में मौसम गर्म होता जा रहा है। देशभर के मौसम सिस्टम पर गौर करें तो हर जगह पारा लगातार बढ़ रहा है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस ऊपर है।
मौसम विभाग ने आज पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रह सकते हैं। पंजाब-हरियाणा समेत देश के अन्य हिस्सों में भी बारिश की संभावना है। दिल्ली एनसीआर का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं की रफ्तार भी धीमी हो गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि रात में भी तापमान बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि आज दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही 19 और 20 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश होने की संभावना है, जबकि 17 से 19 फरवरी को उत्तराखंड और 17 से 21 फरवरी तक राजस्थान के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
आज कहां है बारिश की संभावना?
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि आज उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश के साथ भारी बर्फबारी की भी संभावना है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर पूर्वी हिस्से में चक्रवात बन रहा है। इससे बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 15 से 21 फरवरी तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, असम और मेघालय में 16 और 19 फरवरी को बारिश होने की संभावना है। असम, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम और दार्जिलिंग में अगले सात दिनों तक बारिश होने की संभावना है।



