फरीदकोट, 8 जनवरी। यहां मंगलवार आधी रात को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें बंबीहा गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। क्रॉस फायरिंग में दोनों घायल हो गए। इनके पास से 2 पिस्तौल, 6 कारतूस और एक फॉर्च्यूनर कार बरामद की गई है।
आरोपियों की पहचान हरमनदीप सिंह उर्फ रूसा निवासी गांव बहबल कलां जिला फरीदकोट और सुखजीत सिंह उर्फ सुख रोमाना अलबेल सिंह निवासी गांव रोमाना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक ये बंबीहा गैंग के मशहूर गैंगस्टर सिम्मा बहबल के साथी हैं और इलाके के लोगों को डरा-धमका कर फिरौती वसूलते रहे हैं।
एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि सीआईए स्टाफ जैतो को सूचना मिली थी कि वांटेड गैंगस्टर सिम्मा बहबल के कुछ बदमाश इलाके में अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। इन आरोपियों की मूवमेंट फरीदकोट कोटकपुरा इलाके में देखी गई थी।
इस सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ जैतो और थाना सदर की पुलिस पार्टी ने बीड़ सिखवाला के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान उन्होंने फॉर्च्यूनर कार में सवार 2 आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पुलिस की सरकारी गाड़ी पर तीन गोलियां चलाईं और क्रॉस फायरिंग में पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों के पैरों में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि गैंगस्टर सिम्मा बहबल भी पुलिस को वांछित है, जिसके खिलाफ कुल 26 मामले दर्ज हैं। ये दोनों आरोपी पिछले साल सितंबर माह के दौरान थाना बाजाखाना में दर्ज संगठित अपराध के मामले में भी वांछित थे और इनमें से एक आरोपी सुखजीत सुख पर हिमाचल प्रदेश में भी मामला दर्ज है।



