चंडीगढ़, 22 नवंबर | पंजाब के सात जिलों में आज (शुक्रवार) और शनिवार को घना कोहरा छाया रहेगा। इस संबंध में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अमृतसर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला शामिल हैं। इसके साथ ही सख्त उपायों के बावजूद पराली जलाने पर रोक नहीं लग पा रही है। इससे हवा प्रदूषित हो रही है।
पंजाब और चंडीगढ़ के पांच शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब है। हालाँकि, पहले से कुछ सुधार हुआ है। 24 घंटे में पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य के करीब आ गया है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 28.6 दर्ज किया गया है। रात के तापमान में भी 0.2 की गिरावट आई है। यह भी सामान्य के करीब पहुंच गया है।



