लुधियाना, 24 अक्टूबर | वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। दरअसल, ट्रैफिक पुलिस ने अब लुधियाना जिले में हवा की रफ्तार से गाड़ी चलाने वालों पर नकेल कसने के लिए चालान की संख्या बढ़ा दी है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा ओवर स्पीड से वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के औसतन 30 से 35 चालान काटे जा रहे हैं। जबकि पिछले साल ये संख्या बहुत कम थी। फिलहाल ट्रैफिक पुलिस के पास कुल तीन स्पीड रडार हैं, जो फिरोजपुर रोड, दिल्ली रोड और जालंधर रोड पर तैनात हैं। स्पीड रडार पर नियुक्त टीमों का भी हर माह रोटेशन किया जाता है।
पुलिस विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद लोग ओवर स्पीडिंग का मोह नहीं छोड़ रहे हैं। अब ट्रैफिक पुलिस ने इसका समाधान ढूंढ लिया है। विशेष नाकाबंदी के दौरान निर्धारित गति से आधी या दोगुनी से अधिक गति चलाने वाले चालकों पर खतरनाक ड्राइविंग के साथ-साथ ओवर स्पीडिंग का भी आरोप लगाया जाएगा।
ए.डी.जी.पी. ट्रैफिक अमरदीप सिंह रॉय ने भी अपना मजबूत इरादा जताया है कि निकट भविष्य में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर नकेल कसने के लिए विशेष नाके लगाए जाएंगे और ऐसे वाहन चालकों को बख्शा नहीं जाएगा, जिसके चलते ट्रैफिक पुलिस अब पूरी तरह तैयार हो गई है और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।



