चंडीगढ़, 19 अक्टूबर | इस बार 31 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच दिवाली मनाने को लेकर असमंजस की स्थिति है। जहां कई लोग कह रहे हैं कि दिवाली 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी तो वहीं कई लोग कह रहे हैं कि 1 नवंबर को मनाई जाएगी। इस बीच पंजाब के लोग भी असमंजस में हैं कि राज्य में दिवाली की छुट्टी किस दिन होगी?
पंजाब सरकार के नोटिफिकेशन के मुताबिक, 31 अक्टूबर को राज्य में दिवाली की छुट्टी है। 1 नवंबर शुक्रवार को विश्वकर्मा दिवस के कारण भी प्रदेश में अवकाश रहेगा। इस दिन राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। काशी के विद्वानों ने दिवाली मनाने के दिन को लेकर चल रहे संशय का भी समाधान कर दिया है। हाल ही में काशी में एकत्र हुए विद्वानों ने निर्णय लिया है कि देशभर में 31 अक्टूबर को दिवाली मनाई जाएगी। विभिन्न पहलुओं पर विचार करने के बाद विद्वानों ने सर्वसम्मति से 31 अक्टूबर को दिवाली मनाने का निर्णय लिया है।



