राजस्थान। सिरोही के सरकारी अस्पताल में मां के साथ सो रहे 1 माह के बच्चे को कुत्ते उठा ले गए। मासूम का पेट और एक हाथ कुत्ते खा गए, जिससे उसकी मौत हो गई। मां के सामने ही कुत्तों ने बच्चे का एक हाथ नोच डाला।
सिरोही के गांव पंडवाड़ा निवासी महेंद्र मीणा (40) सिलिकोसिस से पीड़ित हैं। महेंद्र का टीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार की रात उसकी पत्नी रेखा 1 बेटी और 2 बेटों के साथ पति के पलंग के नीचे फर्श पर सो रही थी। उसके एक माह के बेटे विकास को वार्ड में घूम रहे आवारा कुत्ते उठा ले गए।
करीब डेढ़ बजे जब रेखा उठी तो बच्चा गायब था। फौरन बच्चे की तलाश शुरू कर दी। जब बच्चे की तलाश शुरू की गई तो वार्ड के बाहर पानी की टंकी के पास कुछ कुत्ते उसे खाते नजर आए। महिला भागी तो एक कुत्ता बच्चे का हाथ मुंह में लेकर भाग गया। कुत्तों ने उसे नोच-नोच कर मार डाला था।
जब तक उसकी मां उस जगह पहुंची, जहां कुत्ते बच्चे को नोच रहे थे, तब तक बच्चा मर चुका था। अस्पताल में सीसीटीवी भी लगाया गया है लेकिन इसकी फुटेज अभी तक सामने नहीं आई है। अस्पताल प्रशासन भी इस पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
कार्यकारी चीफ मैडीकल अफसर डॉ. वीरेंद्र महात्मा ने कहा कि कारणों का पता लगाने के लिए घटना की पूरी जांच कराई जाएगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया, फिर मंगलवार को अंतिम संस्कार किया।
जिला प्रशासन द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड के प्रभारी डॉ. शक्ति सिंह ने बताया कि बच्चे का सिर, एक हाथ और दो पैर बाकी हैं। उसका न तो पेट था और न ही हाथ।
इस मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की बजाय दिखावे की कार्रवाई की है। अस्पताल में तैनात एकमात्र गार्ड भवानी सिंह को हटा दिया गया है। वहीं कलेक्टर डॉ. भंवरलाल ने नर्सिंग ऑफिसर सुरेश को टीबी वार्ड में पदस्थापित किया है।



