चंडीगढ़, 12 फरवरी | पंजाब और हरियाणा के 26 किसान संगठनों ने 13 फरवरी के दिल्ली मार्च की पूरी तैयारी कर ली है। पंजाब के किसान बड़ी संख्या में हरियाणा की सीमा पर जुटने लगे हैं। इस बीच भारतीय किसान यूनियन उगराहां गुट के नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने 16 फरवरी को भारत बंद का ऐलान किया है। उन्होंने सभी किसान संगठनों और व्यापारियों से इसे सफल बनाने की अपील की है। इसके साथ ही हरियाणा सरकार ने पंजाब से लगती सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी है।
15 जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है। सात जिलों में मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है। इस बीच 12 फरवरी को केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच चंडीगढ़ में अहम बैठक होगी। इस बैठक का दूसरा दौर शाम 5 बजे महात्मा गांधी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, सेक्टर-26 चंडीगढ़ में होगा।
केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और विभिन्न किसान संगठनों के 10 प्रतिनिधि बैठक में शामिल होंगे. इससे पहले 8 फरवरी को किसान संगठनों और केंद्रीय मंत्रियों की बैठक हुई थी, जिसमें कुछ मांगें तो मान ली गईं लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानून बनाने समेत कुछ मांगों पर सहमति नहीं बन पाई।



