जालंधर, 3 फरवरी। जालंधर में साइबर ठगों ने 2 बहनों से 19 लाख रुपये की ठगी कर ली। इन्हें शेयर बाजार में पैसा लगाने के नाम पर साइबर ठगों ने फंसाया था। इस मामले को लेकर अमन नगर की रहने वाली राधा ने थाना-8 पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। जांच के बाद पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज करेगी। पुलिस ने पीड़ित के अकाउंट स्टेटमेंट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पैसे के स्रोत का पता लगा रही है।
राधा ने बताया कि वह डीएवी कॉलेज में केमिस्ट्री की टीचर है। पिछले महीने, दोनों बहनों को एक अज्ञात नंबर के जरिए शेयर बाजार में निवेश के बारे में एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप का नाम एलीवर्ल्ड वेल्थ ट्रेनिंग कैंप था। इसमें स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग के लिए सुझाव दिए गए। ग्रुप से जुड़े लोगों को बताया गया कि बिजनेस कैसे किया जाता है और बाजार में पैसा कैसे चलता है।
जनवरी में उक्त ग्रुप ने एक लिंक भेजा था, जिसमें आईडी बनाकर उसमें कुछ पैसे निवेश करने को कहा गया था। दोनों बहनों ने विश्वास किया और कुछ पैसे निवेश किये। ब्याज लगाने के बाद उक्त रकम अधिक हो गई। यह क्रम 2-3 बार चलता रहा। उक्त पैसा समय पर उसके खाते में पहुंच गया और उसका बैलेंस बढ़ गया। ये सभी लेनदेन दिसंबर के हैं। बाद में घोटाला हो गया।



