जालंधर/होशियारपुर, 27 जनवरी | शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। हादसा जालंधर-पठानकोट हाईवे पर दसूहा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, जालंधर से पठानकोट जा रही कार को दसूहा के पास एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कार सवार चार लोगों को बाहर निकाला नहीं जा सका। वे सभी जिंदा जल गए।
हादसे के बाद ट्रक भी असंतुलित होकर रोड साइड पर झाड़ियों में पलट गया। ट्रक चालक को गंभीर चोटें आई हैं। उसे लोगों ने ट्रक से बाहर निकाला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतकों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
मौके पर मौजूद, गुरमीत सिंह ने बताया कि वह साथियों के साथ अपनी कार में सवार होकर मुकेरियां से दसूहा की ओर आ रहा था। जब वह गांव उच्ची बस्सी गांव के पास पहुंचा तो देखा गया कि जालंधर नंबर की एक गाड़ी से आग की लपटें निकल रही थी। मेरे आने से करीब एक दो मिनट पहले ही हादसा हुआ था।
उन्होंने बताया कि उन्होंने किसी तरह चार लोगों को बाहर निकाला, जिनमें से दो की मौत हो चुकी थी। दो की सांस चल रही थी। एक अन्य खुद ही किसी तरह बाहर आ गया था। जिसे सबसे पहले अस्पताल भेजा गया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद जांच के लिए पुलिस और एम्बुलेंस पहुंच गई। मगर जब तक दो अन्य की भी मौत हो गई थी।
गुरमीत ने बताया कि सभी को अस्पताल भेजने के बाद वह वहां से निकल गए थे। करीब 500 मीटर दूर पहुंचे तो आगे जाकर देखा कि एक ट्रक झाड़ियों में पलटा हुआ है। जिसका ड्राइवर उसी में फंसा हुआ था। उसे भी किसी तरह बाहर निकाल कर दसूहा के सिविल अस्पताल में भेजा गया था।
दमकल विभाग की टीमों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार को लगी आग पर काबू पाया। थाना दसूहा के एसएचओ हरप्रेम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही क्राइम सीन पर पहुंच गए थे। हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार जालंधर नंबर की थी। कार की डिटेल के आधार पर मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जांच के बाद आज मामले में केस दर्ज किया जाएगा। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल दसूहा में भेज दिया गया है।



