फगवाड़ा, 26 जनवरी | फगवाड़ा के चाचोकी पुल पर चाइना डोर की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उक्त व्यक्ति की हालत को गंभीर बताते हुए रेफर कर दिया। घायल की पहचान तरलोक सिंह निवासी गांव घुमना के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार तरलोक सिंह अपनी मोटरसाइकिल पर गांव जा रहा था। जब वह चाचोकी पुल पर पहुंचा तो चाइना डोर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी आंख और नाक पर बड़ा कट लग गया। इससे उनकी आंख को काफी नुकसान पहुंचा। सिविल अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. मनप्रीत कौर के अनुसार चाइना डोर में फंसे 50 वर्षीय व्यक्ति तरलोक सिंह को इलाज के लिए लाया गया था। जिसकी आंख नाल में फंसने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने उक्त व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।



