चंडीगढ़, 19 जनवरी | पंजाब पुलिस ने आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के संगठन से जुड़े 3 गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इन्हें पंजाब के अलग-अलग इलाकों में खालिस्तानी झंडे और पोस्टर लगाने का काम दिया गया था। पुलिस की स्पेशल सेल उनसे पूछताछ कर रही है। बता दें कि पन्नू ने सीएम भगवंत मान को धमकी दी है। वह 26 जनवरी को वारदात करने की योजना बना रहा था।
26 जनवरी से पहले पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू से जुड़े 3 गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों को बनूड़ से गिरफ्तार कर लिया है। पता चला है कि इन्हें मोहाली समेत पंजाब के विभिन्न जिलों में खालिस्तानी झंडे और पोस्टर लगाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उनके पास से पोस्टर और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस ने उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच मोहाली कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। हालांकि, पुलिस उनके बारे में कुछ भी बताने से बच रही है।




