चेन्नई। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ डीएमके मुख्यमंत्री MK Stalin के जन्मदिन की तैयारियों में जुटी हुई है। एमके स्टालिन एक मार्च को अपना 70वां जन्मदिन मनाएंगे। डीएमके ने स्टालिन के जन्मदिन को लेकर कई कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। जिसमें नवजात शिशुओं को सोने की अंगूठी का उपहार, कल्याणकारी योजना, पब्लिक मीटिंग्स और खेल आयोजन आदि शामिल हैं।
डीएमके की दक्षिण जिला इकाई चेन्नई में एक जनसभा को आयोजन करेगी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे।
स्टालिन के 70वे जन्मदिन पर , किसानों को पौधे, रक्तदान शिविर, गोद भराई कार्यक्रम, नेत्र शिविर समेत सेवा कार्यों से जुड़े हुए कई आयोजन होने वाले हैं। स्टालिन के जन्मदिन के मौके पर क्रिकेट, कबड्डी टूर्नामेंट और मैराथन स्पर्धाओं के आयोजन की योजना भी बनाई जा रही है। समारोह के आयोजनों पर विचार-विमर्श करने और उन्हें अंतिम रूप देने के लिए मंत्री, जिला सचिव और पार्टी विंग के पदाधिकारी सलाहकार बैठकें कर रहे हैं।



