नवांशहर, 27 दिसंबर | शहीदी कार्यक्रमों में जाने वाले श्रद्धालुओं से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया गया है कि बलाचौर-रूपनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकने जा रहे तीर्थयात्रियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई है।
उक्त दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 30 यात्री बाल-बाल बच गये। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार माहिलपुर (जिला होशियारपुर) के गांव अछरवाल से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर करीब 30 श्रद्धालुओं का जत्था छोटे साहिबजादों की याद में श्री फतेहगढ़ साहिब में हो रहे शहीदी समारोह में भाग लेने जा रहे थे।
ओवरटेक कर रहे किसी वाहन से बचने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक मंजीत सिंह और कुछ अन्य युवक घायल हो गए, जिन्हें लोगों की मदद से इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल लाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही काठगढ़ थाने के एस.एच.ओ. पंकज शर्मा मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली को गड्ढे से बाहर निकलवाया और यातायात शुरू कराया।



