चंडीगढ़, 26 दिसंबर | पंजाब कांग्रेस की पार्टी आलाकमान के साथ आज दिल्ली में अहम बैठक होगी। बैठक में लोकसभा चुनाव पर चर्चा होगी। इसके साथ ही पंजाब में I.N.D.I.A की सहयोगी पार्टी आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की रणनीति भी बनाई जाएगी।
बैठक में आलाकमान दोनों पार्टियों में सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर नेताओं की नब्ज टटोलेगा। इसके अलावा इस बैठक में नवजोत सिंह सिद्धू के मामले पर भी चर्चा होने की संभावना है।
पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी देवेन्द्र यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए बने I.N.D.I.A गठबंधन में शामिल AAP से गठबंधन को लेकर नेताओं और समर्थकों की राय ली जाएगी। लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जायेगा। उन्होंने साफ किया कि पंजाब में कांग्रेस का संगठन काफी मजबूत है।
इसके साथ ही कुछ समय पहले पार्टी छोड़ने वाले कई वरिष्ठ नेताओं को भी पार्टी में शामिल किया जाएगा। हालांकि, आप से गठबंधन का फैसला पार्टी आलाकमान लेगा। इसके साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी सीटों के बंटवारे को लेकर बयान दिया है।
विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग और अन्य नेता I.N.D.I.A गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। राज्य की लोकसभा सीटों पर कांग्रेस नेता आप के साथ सीटें साझा करने को तैयार नहीं हैं। इस संबंध में नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी अपना विरोध जताया है. लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू आप के साथ गठबंधन के पक्ष में हैं।
फिलहाल पंजाब में AAP सत्ता में है जबकि कांग्रेस विपक्षी पार्टी है। ऐसे में कांग्रेस नेता पंजाब में गठबंधन में शामिल होने से बच रहे हैं। इसके साथ ही अगर बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल की बात करें तो दोनों की राहें अलग-अलग हैं। ऐसे में चुनाव उनके लिए किसी परीक्षा से कम नहीं होंगे।



