यू.पी, 5 नवंबर | सूटकेस में मिली लाश की पहचान नोएडा के सेक्टर-39 के सैदपुर गांव निवासी मनीषा के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर करीबी महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मनीषा की गला दबाकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए उसके शव को नोएडा से कार में गांव सिसाना लाया गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव सिसाना में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पुलिस टीम घटना में प्रयुक्त कार के मालिक तक सोनीपत पहुंच गई। उन्होंने बताया कि बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी उनका रिश्तेदार किसी बहाने से कार ले गया।
जब बारीकी से जांच की गई तो पता चला कि युवक नोएडा में रहता है और हरियाणा के गुरुग्राम जिले में एक निजी कंपनी में काम करता है। युवक का नोएडा की एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा है। करीब डेढ़ महीने पहले महिला और युवक को आपत्तिजनक हालत में देखकर मनीषा (महिला की करीबी रिश्तेदार) ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया. महिला ने मनीषा पर वीडियो डिलीट करने का दबाव डाला, जिसके कारण उनके बीच झगड़ा हुआ।
मनीषा ने इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की. बाद में महिला और उसके प्रेमी ने मिलकर मनीषा की हत्या की साजिश रची. 1 नवंबर यानी करवा चौथ की रात महिला और उसके प्रेमी ने लड़की को नशीला पदार्थ देकर गला दबाकर हत्या कर दी और फिर शव को सूटकेस में बंद कर दिया। युवक कार से सिसाना गांव पहुंचा और श्मशान घाट के पास गोबर के गड्ढे में सूटकेस में रखे युवती के शव को आग लगा दी।
भाई ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई
लड़की की पहचान मनीषा निवासी गांव सैदपुर, नोएडा के रूप में हुई है। लड़की और उसके रिश्तेदारों के डीएनए नमूने परीक्षण के लिए फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। महिला समेत चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। अर्पित विजयवर्गीय, एसपी, बागपत



