बठिंडा, 2 नवंबर | हर साल जब पंजाब में धान की कटाई शुरू होती है तो पराली के रख-रखाव के मुद्दे के साथ-साथ प्रदूषण से निपटने के लिए उठाए जाने वाले कदम भी चर्चा का विषय बन जाते हैं। इन दिनों दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को पंजाब में पराली जलाने की समस्या से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पराली जलाने से निकलने वाले धुएं को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल भी हर साल पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश जारी करता है।
हालाँकि, अभी तक इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं निकल पाया है। पराली जलाने से रोकने के लिए आने वाली टीमों का किसान हर बार विरोध करते हैं। ताजा मामला बठिंडा से सामने आया हैय़ जहां बठिंडा के बुर्ज महिमा में किसानों को पराली जलाने से रोकने पहुंची टीम का किसानों ने जमकर विरोध किया। इतना ही नहीं किसानों ने उसी अधिकारी से जबरन पराली में आग लगवा दी और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया।



