मुंबई। सुभाष घई को फिल्म जगत में काफी वक्त हो चुका है। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में सलमान खान से लेकर संजय दत्त और शाह रुख खान सहित कई सुपरस्टार अदाकारों के साथ काम किया है। उनके निर्देशन में बनी परदेस और ताल जैसी फिल्में आज भी लोग टी.वी पर बड़ी ही दिलचस्पी से देखते हैं। हाल ही में फिल्ममेकर सुभाष घई ने अपना 78वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया। उनके जन्मदिन के सेलिब्रेशन में शामिल होने के लिए बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारे पहुंचे।
निर्देशक सुभाष घई की बर्थडे पार्टी में बॉलीवुड सितारों का जामवाड़ा लगा। निर्देशक की परदेस फिल्म से अपनी शुरुआत करने वालीं महिमा चौधरी जहां सुभाष घई की पार्टी में शामिल होने के लिए पहुंची, तो वहीं पार्टी में कम नजर आने वालीं जया बच्चन ने भी अपनी मौजूदगी से निर्देशक की बर्थडे पार्टी में जान भर दी। इसके अलावा इस पार्टी की रौनक को बढ़ाने के लिए सलमान खान भी शामिल हुए और उनके चेहरे पर अलग खुशी देखने को मिली। सुभाष घई की बर्थडे पार्टी में सलमान खान, जया बच्चन के अलावा अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय ने बड़े ही खूबसूरत अंदाज में शिरकत की। इन सितारों के अलावा सुभाष घई की बर्थडे पार्टी में जैकी श्रॉफ का भी स्वैग देखने को मिला।
सुभाष घई ने सलमान खान संग मीडिया के सामने सिर्फ कैमरे के लिए पोज ही नहीं दिए, बल्कि अपने 78वें जन्मदिन का केक भी काटा। सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी ने सलमान और सुभाष घई की केक कटिंग की वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की। इस दौरान सलमान खान काफी मजाक-मस्ती के मूड में नजर आए। उन्होंने केक सुभाष घई को खिलाया। आपको बता दें कि एक समय ऐसा था, जब सलमान खान ने खुलेआम सुभाष घई को सबके सामने थप्पड़ जड़ दिया था। दरअसल अपने एक इंटरव्यू में सलमान खान ने ये खुद खुलासा किया था कि वह सुभाष घई की हरकत से चिढ़ गए थे, इसलिए उन्होंने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। हालांकि, बाद में पिता सलीम खान के समझाने के बाद उन्होंने माफी मांगी।



