अमृतसर, 22 अक्तूबर | स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल की काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने मध्य प्रदेश से हथियार लाकर पंजाब में सप्लाई करने वाले 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग हवाला के जरिए पैसे भेजकर हथियार खरीदते थे। उनके कब्जे से 11 पिस्तौल, 2 लाख रुपये नकद, 15 कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
आरोपी इन हथियारों को पंजाब में गैंगस्टरों को सप्लाई करते थे। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनसे कई खुलासे होने की संभावना है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बटाला निवासी अनमोल सिंह, करणदीप सिंह और जगरूप सिंह के रूप में हुई है। आरोपी इन हथियारों की सप्लाई करने के लिए फतेहगढ़ चूड़ी पहुंचे थे। आरोपियों के खिलाफ स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल की ओर से मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, जिसके बाद उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी।



