जालंधर, 17 अक्टूबरः गांव भुजेवाल के पास अमर नगर में घर के बाहर बैठी मां-बेटी की 2 अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी मुखविंदर सिंह भुल्लर पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक के पति जगतार सिंह ने बताया कि वह सुबह अपने करीबी रिश्तेदार के घर गए थे, इसी दौरान दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उनकी पत्नी और बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने उनकी पत्नी के शरीर में आग लगा दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला अमेरिका में रहने वाले उनके दामाद ने किया है और इसकी शिकायत पतारा थाने में कई बार दी गई है, लेकिन उनके द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर मंगलवार सुबह हमलावर ने उनके घर पर हमला कर दिया।
लोगों से पूछताछ के अलावा पुलिस मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, जिसमें कुछ संदिग्ध पकड़े गए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।




