मोहाली,13 अक्तूबर। हाल ही में मोहाली के खरड़ में ट्रिपल मर्डर केस का खुलासा हुआ था, जिसमें आरोपी छोटे भाई ने अपने ही भाई, भाभी और मासूम भतीजे की हत्या कर दी थी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। लखबीर ने खुलासा किया कि वह भतीजे को मारना नहीं चाहता था, लेकिन दोस्त ने सवाल उठाया कि उसे कौन पालेगा, इसलिए उसने मासूम को जिंदा मोरिंडा नहर में फेंक दिया। उसने कबूल किया है कि उसने अपने दोस्त गांव धनौरी निवासी रामस्वरूप उर्फ गुरप्रीत बंटी की मदद से इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
खरड़ पुलिस ने मृतक अमनदीप कौर के भाई रणजीत सिंह निवासी कलगीधर कॉलोनी बठिंडा की शिकायत पर लखबीर और रामस्वरूप के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस रामस्वरूप की तलाश में छापेमारी कर रही है।
गुरुवार को खरड़ पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया, जिसका नाम अमनदीप कौर है। भाई रणजीत सिंह ने शव की पहचान की। देर शाम अनहद का शव भी पुलिस ने खनुरी नदी से बरामद कर लिया। सतबीर का शव अभी तक बरामद नहीं हुआ है।



