लुधियाना। पंजाबी सिंगर कमाल खान की मुश्किलें बढ़ने वाली है। शिव सेना पंजाब के चेयरमैन राजीव टंडन ने लुधियाना पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू से मुलाकात कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। टंडन ने आरोप लगाया कि कमाल खान ने भजन के दौरान धार्मिक भावनाएं आहत करने और लड़कियों के बारे में गलत शब्दावली का इस्तेमाल किया है। इसके चलते उसके खिलाफ FIR दर्ज की जाए।
कहा- बेटियों को लेकर गानों में अपशब्द बोलना निंदनीय
राजीव टंडन ने कहा कि जागरण करते समय कमाल खान ने बेटियों के बारे में गलत शब्दावली का इस्तेमाल किया है जिसे सुनना भी पाप है। वह इसकी घोर निंदा करते है। जागरण में गाते समय कमाल खान ने तालियां बजादें की जगह बेटियों के बारे में गलत शब्द बोला है। इस बात से कमान खान की मानसिकता का पता चलता है कि वह बेटियों के प्रति किस तरह की मानसिकता रखते है।
प्रत्येक समारोह में कमाल खान का होगा विरोध
हिंदू नेता भानू प्रताप ने कहा कि शिव सेना चुप बैठने वाली नहीं है। गायक कमाल खान जहां कही भी कोई धार्मिक समारोह करने पहुंचेगा उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। आज पुलिस प्रशासन को शिकायत देकर उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। यदि सख्त कार्रवाई नहीं होती है तो हिन्दू समाज संघर्ष करेगा।
गाना डिलीट करने की कोशिश का आरोप
शिव सेना ने खान पर आरोप लगाया कि उन्होंने बाद में ये गीत डिलीट भी करवाने की कोशिश की, लेकिन वायरल होने के कारण वह नाकामयाब रहे। कुछ शरारती लोग हिन्दू-मुस्लिम भाईचारा को खराब करना चाहते है, लेकिन शिव सेना इस तरह के शरारती लोगों का विरोध करती रहेगी।



