महिला सरपंच के पति ने साथी मजदूरों के सामने उसके साथ की थी मारपीट
मानसा। पंजाब के मानसा में एक मजदूर ने श्मशान घाट में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला सरपंच के पति ने साथी मजदूरों के सामने उसके साथ मारपीट की थी। जिसके चलते वह बेइज्जती सहन नहीं कर पाया और आत्महत्या कर ली। मामले में बोहा पुलिस ने आरोपी सरपंच पति पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव लक्खीवाल में मनरेगा वर्करों का काम चल रहा था। सरपंच हरभजन कौर का पति रजिंदर सिंह उर्फ बब्बू मनरेगा मजदूरों के काम की निगरानी कर रहा था। इस दौरान काम को लेकर मजदूर सुखपाल सिंह (47) पुत्र बंता सिंह के साथ उसकी बहस हो गई। आरोप है कि रजिंदर सिंह ने करीब दो दर्जन मजदूरों की मौजूदगी में सुखपाल सिंह की बाजू मोड़ते हुए थप्पड़ व मुक्के मारे।
प्रधान पति ने मजदूर को काम से भगाया
साथ ही वहां से भाग जाने के लिए कहा। जिस पर खुद की बेइज्जती महसूस करते हुए सुखपाल ने गांव के श्मशान घाट में जाकर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना बोहा इंस्पेक्टर बेअंत कौर ने बताया कि मृतक मजदूर की पत्नी परमजीत कौर उर्फ टालो के बयान पर रजिंदर सिंह उर्फ बब्बू निवासी गांव लक्खीवाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।



