जालंधर, 21 सितम्बर : बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर 59 सेकेंड का एक न्यूड वीडियो वायरल होने से सनसनी फैल गई। ये वीडियो स्ट्रीट फूड बेचने वाले एक कपल का था। पुलिस ने इस मामले में 23 साल की एक लड़की को गिरफ्तार किया है। इस लड़की को दंपति ने 4 सितंबर को नौकरी से निकाल दिया था।
विवाद में शामिल शख्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि यह उसका फर्जी वीडियो है। इस पोस्ट के बाद एक नहीं बल्कि 3 अन्य वीडियो वायरल हो गए। देर शाम जांच के दौरान पता चला कि पुरानी कर्मचारी लड़की ने पति-पत्नी को ब्लैकमेल कर 20 हजार रुपये की फिरौती मांगी, लेकिन दंपति ने नहीं दी. पुलिस आरोपी लड़की से पूछताछ कर रही है ताकि इससे जुड़े अन्य आरोपियों को पकड़ा जा सके। दंपति ने कहा कि लड़की पैसों का हेरफेर करती थी, इसलिए उन्होंने उसे नौकरी से निकाल दिया था।
हालांकि लड़की ने दावा किया है कि उसके पास मोबाइल फोन नहीं है, लेकिन पुलिस को यह बात हजम नहीं हो रही है, वह उस सोशल नेटवर्क का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ले रही है जिसके जरिए पैसे की मांग की गई थी. वहीं, एसीपी सेंट्रल निर्मल सिंह ने बताया कि आईपीसी की धारा 384, 509 और आईटी एक्ट की धारा 66 (ई) 66 (डी) के तहत कार्रवाई की जा रही है. लड़की को गिरफ्तार कर लिया गया है, उसे गुरुवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।



