कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण कोलकाता (Kolkata) क्षेत्र के हरिदेवपुर इलाके में नेत्रहीनों के विद्यालय और बाल गृह में एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार की शिकायत मिलने के बाद बृहस्पतिवार को संस्थान के निदेशक तथा प्रधानाध्यापक समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस बारे में कोलकाता पुलिस ने जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि स्कूल में नाबालिग लड़की से कथित तौर पर 10 साल तक बलात्कार किया गया. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के सिलसिले में स्कूल के निदेशक, प्रधानाध्यापक और रसोइये को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोप सामने आने के बाद संस्थान में पढ़ने वालों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
इस बीच देखा जाए तो बीते सोमवार को भी पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग से एक भयावह घटना सामने आई थी जहां 68 वर्षीय एक बुजुर्ग को एक नाबालिग लड़की के साथ एक महीने से अधिक समय तक लगातार बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपी कथित तौर पर यौन उत्पीड़न के बाद मासूम पीड़िता को हर बार 10 रुपए देता रहा और धमकी दी कि इस घटना के बारे में किसी को भी बताया तो (पीड़िता को) जान से मार देगा।



