चंडीगढ़। पंजाब में महिलाओं को राखी का तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सामाजिक सुरक्षा महिला एवं बाल विकास विभाग में भर्ती के लिए 5714 आंगनवाड़ी वर्करों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान मंच पर भाषण दे रहे सीएम मान के पास एक महिला राखी बांधने आ पहुंची। उन्होंने अपना भाषण बीच में ही रोक दिया और महिला से राखी बंधवाकर उसे आशीर्वाद दिया।
अमृतसर में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी कैंपस में करवाए गए राज्य स्तरीय समागम के दौरान संबोधन करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य के नौजवानों की असीम ऊर्जा को रचनात्मक दिशा में लगाने के लिए पंजाब सरकार ने 35,000 से अधिक नौजवानों को नौकरियां दी हैं।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से पूरा किया गया है और नौजवानों को नौकरियां पूरी तरह से मेरिट के आधार पर दी गई हैं। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए सभी कर्मचारियों और वर्करों का कल्याण यकीनी बना रही है। उन्होंने कहा कि नौजवानों को दी गई रिकॉर्ड संख्या में नौकरियां उनको राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में हिस्सेदार बना रही हैं।
सीएम मान ने कहा कि आंगनबाड़ी वर्करों की भूमिका अहम होती है, क्योंकि वह छोटी उम्र में बच्चों के भविष्य को बनाने और उनके सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। मुख्यमंत्री मान ने जनसभा को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार आने वाले दिनों में आंगनवाड़ी वर्करों के कल्याण के लिए कई अहम पहल करेगी, जिससे यह सुनिश्चित बनाया जाएगा कि सेवाओं को सुचारू ढंग से निभाने के दौरान उनको किसी किस्म की मुश्किल का सामना न करना पड़े।
राखी के त्योहार के अवसर पर आंगनवाड़ी वर्करों के साथ बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि अब बेटियां हर क्षेत्र में लड़कों को पछाड़ रही हैं और मां-बाप को बेटी का पालन-पोषण करके गर्व महसूस होता है। भगवंत मान ने कहा कि लड़कियों ने जिंदगी के हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत का सबूत दिया है और हम सभी को समाज की बेहतरी के लिए बेटियों को अपने सपने साकार करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।



